IHMO लाइव न्यूज
इमरान खान उत्तर प्रदेश
अवैध बस संचालन और ओवरलोड वाहनों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई 12 बसें सीज
शाहजहांपुर। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) बरेली के निर्देश पर शुक्रवार रात्रि को शाहजहांपुर जिले में अवैध बस संचालन और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच कर कई वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान में एआरटीओ (प्रवर्तन) हरिओम यात्री/मालकर अधिकारी आर.पी. गौतम बरेली एवं बदायूं से आई परिवहन विभाग की टीमों तथा यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। इस दौरान करीब 60 बसों की जांच की गई जिनमें 14 बसों का चालान किया गया और 12 बसों को सीज कर दिया गया। सीज की गई बसों में सवार यात्रियों को रोडवेज बसों के माध्यम से उनके गंतव्य तक भेजा गया। इसके अलावा खनन सामग्री से ओवरलोड चल रहे तीन डंपरों तथा तीन अन्य ओवरलोड वाहनों का भी चालान किया गया। ओवरलोड सवारी ढोने के आरोप में तीन ऑटो को विभिन्न थानों में निरुद्ध कराया गया जबकि सात ऑटो के चालान किए गए। मालवाहक वाहनों में यात्रियों के परिवहन के मामले में चार वाहनों का चालान तथा दो वाहनों को सीज किया गया। वहीं कर बकाया होने के कारण दो अन्य वाहनों को भी निरुद्ध किया गया।
परिवहन विभाग के अनुसार अभियान के दौरान की गई कार्रवाई से लगभग नौ लाख रुपये की धनराशि से संबंधित प्रवर्तन कार्रवाई की गई है। विभाग ने सभी वाहन स्वामियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि किसी भी वाहन का संचालन नियमों के विरुद्ध न किया जाए। ओवरलोडिंग कर बकाया अथवा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित वाहन के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Post a Comment