IHMO लाइव न्यूज
इमरान खान उत्तर प्रदेश
छावनी क्षेत्र में देर रात पुलिस की सख्ती, स्टंटबाजों पर कार्रवाई,,
दो घंटे चले सघन चेकिंग अभियान में 8 बाइक सीज, 153 से अधिक चालान
बरेली। छावनी परिषद क्षेत्र में शनिवार रात कैंट पुलिस ने स्टंटबाजों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों और संदिग्ध रूप से घूम रहे लोगों के खिलाफ सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। रात करीब 10 बजे से 12 बजे तक चले अभियान के दौरान पुलिस ने कई स्थानों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। कार्रवाई से क्षेत्र में देर रात तक हड़कंप की स्थिति बनी रही।
पुलिस ने बाइक और कार से स्टंट करने वाले युवकों, तेज रफ्तार वाहनों तथा बिना साइलेंसर की बुलेट मोटरसाइकिलों पर विशेष नजर रखी। जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 153 से अधिक वाहनों के चालान किए गए, जबकि 8 बाइकों को सीज कर दिया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध हालत में घूम रहे 13 लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाकर पूछताछ की। सत्यापन और पूछताछ के बाद परिजनों को बुलाकर उन्हें सुपुर्द कर दिया गया तथा भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी गई।
इंस्पेक्टर कैंट संजय कुमार धीर ने बताया कि छावनी क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग देर रात बाइक और कार लेकर घूमने आते हैं। कई युवक सड़कों पर स्टंटबाजी करते हैं और बिना साइलेंसर की बुलेट मोटरसाइकिलों से तेज आवाज निकालते हैं, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।
Bareilly CanttPolice Vehicle Checking TrafficPolice StuntBazi BulletSilencer RoadSafety BareillyNews PoliceAction UPPolice
Post a Comment