IHMO लाइव न्यूज
दवा दिलाने के बहाने ले गए, बाल पकड़कर डंडों से पीटने और वीडियो बनाने का आरोप
बरेली। थाना सीबीगंज क्षेत्र में झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के नाम पर एक विवाहिता के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने कथित तांत्रिक महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामपुर जनपद के थाना मिलक क्षेत्र के ग्राम कूप निवासी नत्थूलाल पुत्र श्यामलाल ने सीबीगंज पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री पूजा की शादी करीब चार वर्ष पूर्व सीबीगंज क्षेत्र के ग्राम घुरा राघवपुर निवासी नरेन्द्र पुत्र निर्मल के साथ की थी।
आरोप है कि 11 मई 2026 की रात करीब नौ बजे दामाद नरेन्द्र, उसकी मां त्रिवेणी और अन्य लोग पूजा को दवा दिलाने के बहाने घर से करीब एक किलोमीटर दूर रहने वाली गीता नाम की कथित तांत्रिक महिला के पास ले गए। वहां गीता ने पूजा पर “हवा का चक्कर” बताकर उसके बाल पकड़ लिए और डंडों व घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान पति नरेन्द्र पूरी घटना की वीडियो बनाता रहा, जबकि सास त्रिवेणी तमाशबीन बनी रही।
पीड़िता के पिता के अनुसार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे जब पूजा को वापस घर लाया गया और उसने बनाई गई वीडियो दिखाने की बात कही तो पति नरेन्द्र और सास त्रिवेणी भड़क गए। आरोप है कि दोनों ने पूजा को कमरे में बंद कर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। वहीं ननद रेखा पर दांती से हाथ काटने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना की जानकारी मिलने पर जब नत्थूलाल अपनी बेटी का हालचाल जानने पहुंचे तो आरोप है कि नरेन्द्र के भाई नरेश ने उन्हें और उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार चतुर्वेदी के आदेश पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Bareilly CBGanj CrimeNews TantraMantra DomesticViolence UPPolice BreakingNews HindiNews BareillyNews महिला उत्पीड़न सीबीगंज बरेली समाचार तंत्र मंत्र घरेलू हिंसा अपराध समाचार
Post a Comment