IHMO लाइव न्यूज
इमरान खान उत्तर प्रदेश
35 लाख की सड़क बनी, नाली भूल गए जिम्मेदार; अब नई सड़क तोड़कर हो रही खोदाई, लोग परेशान
बरेली। नगर निगम के निर्माण विभाग की बड़ी लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। शहर के सुभाषनगर क्षेत्र स्थित राजीव कॉलोनी में करीब 35 लाख रुपये की लागत से हाल ही में सीसी सड़क का निर्माण कराया गया, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि सड़क निर्माण के दौरान नाली बनाना ही भूल गए। अब विभाग अपनी इस गंभीर चूक को सुधारने के लिए नई बनी सड़क को ही तुड़वाकर नाली निर्माण करा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।
मामला राजीव कॉलोनी स्थित डॉक्टर धर्मपाल वाली गली के सामने का है। स्थानीय लोगों के मुताबिक कुछ दिन पहले ही सड़क निर्माण कार्य पूरा हुआ था। सड़क बनने के बाद क्षेत्रवासियों को उम्मीद थी कि जलनिकासी की समस्या भी खत्म हो जाएगी, लेकिन नाली न बनने के कारण घरों का गंदा पानी सड़क पर ही जमा होने लगा। हालात इतने खराब हो गए कि कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई और राहगीरों व स्थानीय निवासियों का पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया।
क्षेत्र के निवासी पंकज पाठक समेत कई लोगों ने जब इस अव्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाई और नगर निगम अधिकारियों से शिकायत की, तब जाकर विभाग हरकत में आया। शिकायत के बाद अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कराया और अपनी गलती स्वीकार करते हुए सड़क की खुदाई कराकर नाली निर्माण शुरू करा दिया।
हालांकि, इस कार्रवाई ने नगर निगम की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य की पहले सही तरीके से योजना बनाई जाती, तो सरकारी धन की इस तरह बर्बादी नहीं होती। लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
नगर निगम के मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित जूनियर इंजीनियर विकास साहू से स्पष्टीकरण तलब किया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि मौके पर जाकर तत्काल निरीक्षण किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही न हो।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि विकास कार्यों में जल्दबाजी और लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से गुणवत्ता और योजना के साथ कार्य कराने की मांग की है।
Bareilly NagarNigam SubhashNagar RajeevColony RoadConstruction DrainageIssue BareillyNews PublicIssue Negligence UPNews
Post a Comment