IHMO लाइव न्यूज
इमरान खान उत्तर प्रदेश
बरेली में चिटफंड ठगी का बड़ा मामला: रूप किशोर गोला समेत 17 पर केस दर्ज, 50 पीड़ितों से 32 लाख हड़पने का आरोप
बरेली में चिटफंड ठगी का बड़ा मामला: रूप किशोर गोला समेत 17 पर केस दर्ज, 50 पीड़ितों से 32 लाख हड़पने का आरोप
बरेली। शहर में चिटफंड के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। आईसीएल कंपनी के संचालक रूप किशोर गोला और उसके 16 साथियों के खिलाफ प्रेमनगर थाने में कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में करीब 50 निवेशकों ने कुल 32 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है।
पीड़ितों के अनुसार, रूप किशोर गोला और उसके सहयोगियों ने आईसीएल, आईसीएल म्यूचुअल फंड्स बेनिफिट्स कॉर्पोरेशन और आईसीएल मल्टी ट्रेडिंग जैसी कंपनियों का हवाला देकर लोगों को निवेश के लिए लालच दिया। आरोप है कि निवेश पर भारी मुनाफा देने का झांसा देकर रकम जमा कराई गई, लेकिन बाद में पैसा वापस नहीं किया गया।
बारादरी क्षेत्र के चक महमूद निवासी अखलाक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2023 में आरोपी उनके संपर्क में आए और उन्हें कंपनी में काम करने के साथ-साथ निवेश कराने के लिए प्रेरित किया। अखलाक और उनकी पत्नी इमराना ने खुद भी निवेश किया और अन्य लोगों से भी पैसे लगवाए। जब रकम वापस नहीं मिली तो मामला खुलकर सामने आया।
पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे, हिस्ट्रीशीट भी खुली
रूप किशोर गोला के खिलाफ पहले से 50 से अधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं और उसकी हिस्ट्रीशीट भी खोली जा चुकी है। वर्ष 2024 में प्रेमनगर पुलिस ने गोला, जितेंद्र गुप्ता और दिनेश कुमार पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई भी की थी। हालांकि, आरोप है कि उसके भाई अवधेश गोला पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।
निवेशकों को धमकाने के आरोप
पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया है कि पैसे मांगने पर आरोपी और उनके सहयोगी निवेशकों को धमकाते हैं। कुछ मामलों में मारपीट और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देने की बात भी सामने आई है। महिला निवेशकों को भी दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही है।
राजनीतिक संरक्षण के आरोप
मामले में एक आरोपी जितेंद्र गुप्ता के किसी राजनीतिक दल से जुड़कर प्रदेश स्तर का पदाधिकारी बनने की भी चर्चा है, जिससे कार्रवाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल, न्यायालय के आदेश पर प्रेमनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ठगी के इस मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
बरेली BareillyNews ठगी चिटफंड_घोटाला
रूपकिशोरगोला
FraudCase InvestmentScam PoliceAction GangsterAct CrimeNews UPPolice JusticeForInvestors BreakingNews HindiNews
Post a Comment