IHMO लाइव न्यूज
इमरान खान उत्तर प्रदेश
मेधावियों पर इनामों की बारिश, ई-स्कूटी से नवाजे गए यूपी बोर्ड टॉपर्स
बरेली। यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 में जिले का नाम रोशन करने वाले मेधावी छात्रों के लिए मंगलवार का दिन यादगार बन गया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सम्मान समारोह जश्न में तब्दील हो गया, जब मंच से टॉपर्स पर इनामों की बरसात हुई। जिला प्रशासन ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के टॉप-10 छात्रों को ई-स्कूटी देकर न सिर्फ सम्मानित किया, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की नई राह भी खोल दी।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जैसे ही ई-स्कूटी की चाबियां मेधावियों को सौंपीं, पूरा सभागार तालियों की गूंज से भर उठा। हाईस्कूल वर्ग में वैष्णवी, गुलशन यादव, रजनी सिंह, शिवानी और रश्मि, जबकि इंटरमीडिएट वर्ग में चमन जहां, नंदिनी गुप्ता, सुरभि यादव, सिमरन मौर्य और खुशी मौर्य को इस सम्मान से नवाजा गया। छात्रों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था।
मेयर का बड़ा ऐलान, टॉपर्स को मिलेगा मुफ्त प्रवेश
कार्यक्रम के दौरान उत्साह उस समय चरम पर पहुंच गया, जब मेयर डॉ. उमेश गौतम ने घोषणा की कि सभी टॉपर्स को इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी में निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। इस ऐलान ने मेधावियों और उनके परिजनों के सपनों को नई उड़ान दे दी।
जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया हौसला
समारोह में वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, विधायक राघवेंद्र शर्मा, विधायक एमपी आर्य और एमएलसी बहोरन लाल मौर्य समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने मेधावियों की सफलता को सराहा और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
बेटियों का बढ़ता कदम बना मिसाल
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि यह सम्मान छात्रों की मेहनत का परिणाम है और इससे उन्हें नई ऊर्जा मिलेगी। मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने खासतौर पर बेटियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अजीत कुमार ने इसे जिले की बड़ी उपलब्धि बताया।
खुशी के आंसू और गर्व के पल
सम्मान समारोह में मेधावियों के चेहरे खुशी से खिल उठे, वहीं अभिभावकों की आंखों में गर्व के आंसू नजर आए। शिक्षकों ने भी अपने छात्रों की सफलता पर गर्व जताया। प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह के साथ हुए इस सम्मान ने साफ संदेश दिया कि अब बरेली में मेहनत करने वालों को सिर्फ पहचान ही नहीं, बल्कि बड़ा इनाम भी मिलेगाबरेली।
UPBoard2026 Topper Student Success EducationNews E_Scooty Inverteris University MeritoriousStudents UPNews BreakingNews
Post a Comment