बरेली। शहर में महिलाओं से छिनैती की वारदातों से दहशत फैलाने वाले शातिर बदमाश को थाना सुभाषनगर पुलिस ने मंगलवार तड़के मुठभेड़ के दौरान गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगने के बाद उसकी हेकड़ी निकल गई और वह मौके पर ही दबोच लिया गया। यह आरोपी इज्जतनगर, कैंट और सुभाषनगर थाना क्षेत्रों में हुई कई घटनाओं में वांछित चल रहा था।
पुलिस के अनुसार 9 मार्च को इज्जतनगर के नैनीताल रोड रेलवे मार्केट, 12 मार्च को कैंट क्षेत्र के बुखारा मोड़ और 13 मार्च को सुभाषनगर के पराग फैक्ट्री के पास बाइक सवार बदमाशों ने महिलाओं से पर्स, मोबाइल और हैंडबैग छीनकर फरार हो गए थे। तीनों घटनाओं में मुकदमे दर्ज कर पुलिस लगातार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थी।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
मंगलवार सुबह करीब 4 बजे थाना सुभाषनगर पुलिस को सूचना मिली कि छिनैती की घटनाओं में शामिल एक बदमाश यामाहा FZ बाइक से करगैना क्षेत्र में फिर वारदात की फिराक में घूम रहा है। इस पर प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार नैन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फतेहपुर रोड इटौआ मोड़ पर घेराबंदी कर दी।
खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने पहले चेतावनी दी, लेकिन बदमाश नहीं माना और दोबारा गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह जमीन पर गिर पड़ा।
संजू और अमित मिलकर करते थे वारदात
गिरफ्तार बदमाश ने अपना नाम संजय उर्फ संजू उर्फ रघु (24 वर्ष) निवासी ग्राम सुकाली थाना शाही बताया। उसने पूछताछ में कबूल किया कि वह अपने साथी अमित के साथ मिलकर छिनैती की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस अब उसके फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
बरामद हुआ लूट का माल और हथियार
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की यामाहा बाइक, तीनों घटनाओं से संबंधित मोबाइल फोन, नकदी और आधार कार्ड बरामद किए हैं।
बहादुरी से दबोचा, अस्पताल में भर्ती
इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार नैन और चौकी इंचार्ज करगैना राजेंद्र सिंह सिरोही ने टीम के साथ साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए बदमाश को धर दबोचा। गोली लगने से घायल आरोपी को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस मुठभेड़ के संबंध में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस सफलता के बाद क्षेत्र में पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है तथा प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार नैन की कार्रवाई की सराहना हो रही है।
#बरेली #BareillyPolice #सतीशकुमारनैन #पुलिसहीरो #एनकाउंटर #क्राइमन्यूज #छिनैती #उत्तरप्रदेश #यूपीपुलिस #ब्रेकिंगन्यूज
Post a Comment