IHMO लाइव न्यूज
इमरान खान
लखनऊ। प्रदेश सरकार ने रविवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए करीब 40 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस व्यापक बदलाव में लगभग 15 जिलों के जिलाधिकारियों को बदला गया है। शासन के इस कदम को प्रशासनिक कसावट और कार्यप्रणाली में तेजी लाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
सबसे प्रमुख बदलाव आगरा में हुआ है, जहां जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी जगह सहारनपुर के डीएम मनीष बंसल को आगरा का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
जारी सूची के अनुसार, उन्नाव के जिलाधिकारी गौरांग राठी को झांसी, विशेष सचिव ऊर्जा विभाग में तैनात इंद्रजीत सिंह को सुलतानपुर, सुलतानपुर के डीएम कुमार हर्ष को बुलंदशहर और नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग की विशेष सचिव अन्नपूर्णा गर्ग को श्रावस्ती का जिलाधिकारी बनाया गया है।
इसी क्रम में झांसी से आलोक यादव को शामली, शामली से अरविंद कुमार को सहारनपुर, हापुड़ से नितिन गौड़ को अमरोहा और हमीरपुर में अभिषेक गोयल को जिलाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की निदेशक सरनीत कौर को रायबरेली, अमरोहा की डीएम निधि गुप्ता वत्स को फतेहपुर भेजा गया है।
मैनपुरी से अंजनी कुमार सिंह को लखीमपुर खीरी, औरैया से डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी को मैनपुरी, विशेष सचिव बृजेश कुमार को औरैया का डीएम बनाया गया है। बुलंदशहर की डीएम श्रुति को आगरा का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा कई वरिष्ठ अधिकारियों के विभागों में भी बदलाव किया गया है। आशुतोष निरंजन को परिवहन आयुक्त, किंजल सिंह को सचिव माध्यमिक शिक्षा विभाग, और लखीमपुर खीरी की डीएम रहीं दुर्गा शक्ति नागपाल को देवीपाटन मंडल का मंडलायुक्त बनाया गया है।
देवीपाटन के मंडलायुक्त शशि भूषण लाल सुशील को प्रमुख सचिव, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग में तैनात किया गया है। फतेहपुर के डीएम रविंदर सिंह को विशेष सचिव ऊर्जा विभाग एवं निदेशक यूपीनेडा बनाया गया है।
झांसी के डीएम मृदुल चौधरी को विशेष सचिव पर्यटन एवं निदेशक पर्यटन, श्रावस्ती के डीएम अश्विनी कुमार पांडेय को निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, और रायबरेली की डीएम हर्षिता माथुर को निदेशक बाल विकास एवं पुष्टाहार बनाया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल में कई अन्य पदों पर भी नियुक्तियां की गई हैं। अमेठी के सीडीओ सचिन कुमार सिंह को अपर निदेशक राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद लखनऊ, हाथरस के एडीएम बसंत अग्रवाल को कर्मचारी राज्य बीमा योजना का निदेशक बनाया गया है।
युवा आईएएस अधिकारियों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। श्रुति शर्मा को सीडीओ हापुड़, गामिनी सिंगला को सीडीओ बदायूं, सुनील कुमार धनवंता को सीडीओ बहराइच और पूजा साहू को सीडीओ अमेठी बनाया गया है।
सरकार के इस बड़े प्रशासनिक बदलाव को शासन व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और गति लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
#UPIAS #Transfer #YogiGovernment #AdministrativeReshuffle #DMTransfer #UttarPradesh #BreakingNews #Lucknow #Governance #IAS
Post a Comment