⚡ ब्रेकिंग News

बरेली: मीरगंज मे दर्दनाक हादसा तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत पूरा गांव ग़म में डूबा

IHMO लाइव न्यूज
इमरान खान उत्तर प्रदेश 
बरेली: मीरगंज में दर्दनाक हादसा, तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम

बरेली। जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र से रविवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गांव तिलमास में तालाब में नहाने गए तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव तिलमास निवासी अनितेश (10 वर्ष), आयुष (9 वर्ष) और अंश (8 वर्ष) रविवार दोपहर लगभग 2 से 3 बजे के बीच गांव के पास स्थित एक तालाब में नहाने के लिए गए थे। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान एक बच्चा अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में बाकी दोनों बच्चे भी पानी में उतर गए, लेकिन तैरना न आने के कारण तीनों ही मासूम गहरे पानी में समा गए।

ग्रामीणों ने बाहर निकाला, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला। परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमॉर्टम को लेकर परिजनों ने जताई अनिच्छा

घटना के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन परिजनों ने इसके लिए इनकार कर दिया। फिलहाल पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है, ताकि आगे की वैधानिक कार्रवाई पूरी की जा सके।

मछली पालन के लिए बना था तालाब

मामले की जानकारी देते हुए मीरगंज थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजय तोमर ने बताया कि घटना की सूचना शाम करीब 4:30 बजे प्राप्त हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस तालाब में बच्चे नहा रहे थे, वह मछली पालन के लिए बनाया गया था और काफी गहरा था। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गांव में पसरा सन्नाटा

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। एक साथ तीन बच्चों की मौत से हर आंख नम है। परिजनों के करुण विलाप से माहौल बेहद गमगीन बना हुआ है।
BareillyNews Mirganj BreakingNews UPNews DrowningAccident SadNews ViralNews HindiNews TrendingNews AccidentNews ChildSafety GroundReport

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...