IHMO लाइव न्यूज
इमरान खान उत्तर प्रदेश
तहसील कलान में संपूर्ण समाधान दिवस: डीएम-एसपी ने सुनीं 51 शिकायतें, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
शाहजहांपुर। तहसील कलान सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।समाधान दिवस में अवैध कब्जा, राजस्व, पुलिस, विकास, आपूर्ति, बिजली, राशन कार्ड और पेंशन से जुड़ी कुल 51 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें राजस्व विभाग की 31, पुलिस विभाग की 13, विकास विभाग की 5 और पूर्ति विभाग की 2 शिकायतें शामिल रहीं। मौके पर ही 7 मामलों का निस्तारण कराया गया। जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को बार-बार अपनी समस्या लेकर न आना पड़े, यह प्रशासन की जिम्मेदारी है। साथ ही अधिकारियों को मौके पर जाकर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि हर शिकायत का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण हो और उसके बाद शिकायतकर्ता से संतुष्टि फीडबैक अवश्य लिया जाए। भूमि विवादों के मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता बरती जाए, ताकि आमजन को शीघ्र राहत मिल सके।
इस मौके पर जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, नायब तहसीलदार सृजित निगम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Post a Comment