IHMO लाइव न्यूज
इमरान खान उत्तर प्रदेश
कागजी प्रगति नहीं, जमीनी काम दिखे: मण्डलीय समीक्षा बैठक में कमिश्नर सख्त
कागजी प्रगति नहीं, जमीनी काम दिखे: मण्डलीय समीक्षा बैठक में कमिश्नर सख्त
समीक्षा बैठक में कमिश्नर भूपेंद्र एस चौधरी का रुख बेहद सख्त
बरेली। विकास भवन में गुरुवार को आयोजित मण्डलीय समीक्षा बैठक में कमिश्नर भूपेंद्र एस चौधरी का रुख बेहद सख्त नजर आया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अब केवल कागजी प्रगति नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर कार्यों के परिणाम दिखाई देने चाहिए। समीक्षा के दौरान गेहूं खरीद, वृक्षारोपण, शिक्षा और स्वास्थ्य विभागों में कई स्थानों पर सुस्ती सामने आई, जिस पर नाराजगी जताई गई।
कमिश्नर ने निर्देश दिए कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, स्कूलों में नामांकन बढ़ाया जाए, स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ की जाएं और सभी योजनाओं को तय समय सीमा में पूरा किया जाए। लापरवाही की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की बात भी कही।
🌾 गेहूं खरीद में सुधार के निर्देश
गेहूं खरीद की समीक्षा में बताया गया कि बरेली मंडल प्रदेश में दूसरे स्थान पर है, लेकिन इसे और बेहतर बनाने की जरूरत है। डिप्टी आरएमओ को निर्देश दिए गए कि सभी खरीद केंद्रों पर बोरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही किसानों को अधिक से अधिक गेहूं बेचने के लिए प्रेरित किया जाए। गर्मी को देखते हुए पेयजल और बैठने की उचित व्यवस्था करने को भी कहा गया।
🌱 वृक्षारोपण में जियो टैगिंग अनिवार्य
वृक्षारोपण को लेकर मंडलायुक्त ने सख्त निर्देश दिए कि एक ही स्थान पर बार-बार पौधारोपण कर आंकड़े बढ़ाने का खेल नहीं चलेगा। सभी विभाग समय से लक्ष्य पूरा करें और प्रत्येक पौधे की जियो टैगिंग कर पोर्टल पर अपलोड करें। जिन विभागों ने कार्ययोजना नहीं दी है, उन्हें तुरंत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
स्कूल चलो अभियान को तेज करने के निर्देश
शिक्षा विभाग की समीक्षा में बीएसए को निर्देशित किया गया कि “स्कूल चलो अभियान” को गांव-गांव तक पहुंचाया जाए। अधिक से अधिक बच्चों की पहचान कर उनका नामांकन सुनिश्चित किया जाए। स्कूलों का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन करने और नामांकन बढ़ाने पर जोर दिया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं पर सख्ती
स्वास्थ्य विभाग की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। टीकाकरण अभियान को तेज करने और सभी आंकड़े समय से पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया। हीट वेव को देखते हुए अस्पतालों में जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए।
🦟 डेंगू-मलेरिया पर अलर्ट, जांच के आदेश
बदायूं में डेंगू और मलेरिया के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा गया। साथ ही बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के जिलाधिकारियों को सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच कर उनकी वैधता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बदायूं के जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय, शाहजहांपुर के डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पीलीभीत के डीएम ज्ञानेंद्र सिंह सहित मंडल के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
BareillyNews CommissionerStrict VikasBhawan WheatProcurement TreePlantation SchoolChaloAbhiyan HealthServices AyushmanCard HeatWaveAlert DengueMalaria UPNews AdministrativeAction GroundReport PublicWelfare
Post a Comment