बरेली, संवाददाता।
जनपद बरेली में निजी एवं पब्लिक स्कूलों द्वारा अभिभावकों के कथित आर्थिक शोषण के विरोध में एक ज्ञापन उत्तर प्रदेश सरकार की शिक्षा मंत्री को प्रेषित किया गया। शिवसेना पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों द्वारा जिलाधिकारी के माध्यम से यह ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन जिला प्रमुख दीपक पाठक, प्रदेश सचिव राजीव पाण्डेय, मण्डल प्रमुख संतोष सिंह तथा मण्डल पदाधिकारी विनोद मिश्रा के नेतृत्व में प्रस्तुत किया गया। इसमें कहा गया है कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था, विशेषकर निजी विद्यालयों में, तेजी से व्यावसायिक होती जा रही है। सरकारी विद्यालयों में शिक्षा स्तर को लेकर असंतोष का लाभ उठाकर निजी स्कूल प्रबंधन अभिभावकों से विभिन्न माध्यमों से अत्यधिक शुल्क वसूल रहे हैं।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कई विद्यालयों द्वारा एक ही संस्थान में अध्ययनरत छात्रों से प्रत्येक कक्षा में पुनः प्रवेश शुल्क लिया जा रहा है, जो अनुचित है। इसके अतिरिक्त अभिभावकों को निर्धारित दुकानों से ही पाठ्यपुस्तकें खरीदने के लिए बाध्य किया जाता है, जिससे उनकी कीमतें अत्यधिक बढ़ जाती हैं।
वहीं, स्कूल ड्रेस एवं स्टेशनरी के लिए भी तय विक्रेताओं से ही खरीदारी का दबाव बनाया जाता है, जिससे अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ता है। बिना प्रभावी नियमन के मनमानी फीस संरचना लागू करना भी प्रमुख चिंता का विषय बताया गया है।
ज्ञापन में सरकार से मांग की गई है कि पुनः प्रवेश शुल्क की प्रथा पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा अभिभावकों को पाठ्यपुस्तक एवं यूनिफॉर्म किसी भी विक्रेता से खरीदने की स्वतंत्रता दी जाए। साथ ही निजी विद्यालयों की फीस संरचना को नियमन के दायरे में लाकर पारदर्शिता सुनिश्चित करने और नियमों का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए उनकी मान्यता निरस्त करने की मांग भी की गई है।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो शिक्षा व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा और यह केवल आर्थिक रूप से सक्षम वर्ग तक सीमित होकर रह जाएगी।
Post a Comment