IHMO लाइव न्यूज
इमरान खान उत्तर प्रदेश
पासिंग आउट परेड से पहले पुलिस परिवार ने बढ़ाया उत्साह, 150 कर्मियों को किया सम्मानित
बरेली। जनपद बरेली के रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में शुक्रवार देर शाम पुलिस कल्याण गतिविधि के अंतर्गत रिक्रूट महिला आरक्षियों के सम्मान में सामूहिक भोज (बड़ा खाना) कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन 21 जुलाई 2025 से चल रहे 783 महिला रिक्रूट आरक्षियों के आधारभूत प्रशिक्षण (RTC) के सफलतापूर्वक पूर्ण होने तथा 26 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित पासिंग आउट परेड के उपलक्ष्य में किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षण पूर्ण कर चुकी महिला आरक्षियों का उत्साहवर्धन करना, पुलिस परिवार में एकता और सामूहिकता की भावना को सुदृढ़ करना तथा उनके कठिन परिश्रम और समर्पण को सम्मान देना रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण एवं पारिवारिक माहौल देखने को मिला, जिसमें सभी महिला रिक्रूट आरक्षियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन रमित शर्मा उपस्थित रहे। उनके साथ पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी, आयुक्त बरेली मंडल भूपेंद्र एस. चौधरी, जिलाधिकारी अविनाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा, पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चन्द्र मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक यातायात अकमल खान सहित अन्य अधिकारीगण की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं रिक्रूट महिला आरक्षियों एवं अन्य पुलिसकर्मियों को भोजन परोसा और उनके साथ बैठकर सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण किया। इससे पुलिस विभाग में एक परिवार की भावना और अधिक मजबूत होती नजर आई। इस दौरान आधारभूत प्रशिक्षण (RTC) से जुड़े लगभग 150 कर्मियों—जिनमें आईटीआई, पीटीआई, एसआई टीचर, कार्यालय स्टाफ, वार्डन, सफाईकर्मी, फॉलोअर्स, बिजली मिस्त्री एवं अन्य सहयोगी कर्मचारी शामिल रहे को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही उन्हें उपहार स्वरूप वस्त्र आदि भी भेंट किए गए।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि एवं अन्य अधिकारियों ने महिला रिक्रूट आरक्षियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगामी पासिंग आउट परेड के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने संदेश दिया कि सभी आरक्षी अपने कर्तव्यों का निष्ठा एवं ईमानदारी से पालन करते हुए समाज सेवा के लिए सदैव तत्पर रहें।
#BareillyPolice #UPPolice #MahilaConstable #PassingOutParade #PoliceWelfare #BareillyNews #WomenEmpowerment #PoliceTraining #RTC #BadaKhana
Post a Comment